चंडीगढ़: हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन पद से इस्तीफा देने के बाद रेणु भाटिया ने एक वीडियो जारी कर अपने कार्यकाल के दौरान हुई गलतियों के लिए माफी मांगी है। हालांकि, उन्होंने अपने बयान से जुड़े विवाद, विशेषकर कुरुक्षेत्र मामले का कोई सीधा उल्लेख नहीं किया।
जारी वीडियो में रेणु भाटिया ने अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि यदि उनके कार्यों या शब्दों से किसी को ठेस पहुंची हो तो वह उसके लिए क्षमाप्रार्थी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ना ही जीवन का हिस्सा है।
उन्होंने अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया, जिन्होंने उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए चुना और दोबारा मौका दिया।
वीडियो में उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने हर पीड़ित महिला की समस्या को अपने परिवार की समस्या समझकर हल करने की कोशिश की। साथ ही उन्होंने भविष्य में इस पद पर आने वाले व्यक्ति से भी यही अपेक्षा जताई कि वह महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुलझाए।
गौरतलब है कि रेणु भाटिया का इस्तीफा मंगलवार देर रात सामने आया था, जिसके बाद से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, अब तक राज्य सरकार की ओर से इस्तीफा स्वीकार किए जाने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, जिससे स्थिति पर असमंजस बना हुआ है।