CM धामी के निर्देश पर हरिद्वार में अवैध मजार हटाई गई, प्रशासन सख्त

हरिद्वार: पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में लक्सर तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सरकारी जमीन पर बनी एक और अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया।

यह कार्रवाई सहारनपुर-झबेडा मार्ग पर की गई, जहां मजार को हटाने से पहले संबंधित पक्ष को नोटिस भी दिया गया था।

इसके साथ ही गोवर्धनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलाए गए विशेष अभियान में 35 से अधिक अतिक्रमण हटाए गए। अधिकारियों ने सड़क, नालियों और फुटपाथों पर किए गए कब्जों को हटाते हुए व्यापारियों और स्थानीय लोगों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अभियान के दौरान प्रशासन और पुलिस टीम ने राजमार्ग किनारे दुकानों व सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया और कई अस्थायी ढांचे व सामान जब्त किए। वहीं, 81 पुलिस एक्ट के तहत 13 लोगों के चालान भी किए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ सामान जब्त किया जाएगा।

इस कार्रवाई में एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला, तहसीलदार दीवान सिंह राणा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद कामिल सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।