चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : पंजाब पुलिस ने ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत नशा तस्करी के आर्थिक नेटवर्क पर बड़ा शिकंजा कसते हुए राज्यव्यापी विशेष कार्रवाई शुरू की है। तीन दिनों तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य फोकस अवैध हवाला कारोबारियों पर है, जो नशे की कमाई को इधर-उधर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 73 हवाला ऑपरेटरों को गिरफ्तार किया जा चुका है और करीब 10 करोड़ रुपये की अवैध राशि बरामद की गई है। इसके साथ ही वर्ष 2022 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 830 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां फ्रीज की जा चुकी हैं, जो नशा कारोबार की जड़ों पर सीधा प्रहार माना जा रहा है।
वहीं, 1 मार्च 2025 से अब तक 20 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई जब्त की जा चुकी है। पुलिस ने 1,727 मामलों में संपत्ति जब्ती के प्रस्ताव भेजे, जिन्हें सक्षम प्राधिकरण की मंजूरी भी मिल चुकी है।
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि तस्करों के वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त कर ही नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है, और इसी दिशा में कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है।