कैबिनेट की बैठक में युवाओं को बड़ी राहत, नीट उम्मीदवारों को फ्री सफर और 1,169 नौकरियां स्वीकृत

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में हुई पंजाब मंत्रिमंडल की बैठक में विद्यार्थियों, युवाओं, बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने 21 जून को होने वाली नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों और उनके एक अटेंडेंट के लिए पंजाब व चंडीगढ़ में परीक्षा केंद्रों तक मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है। यह सुविधा 20 से 22 जून तक पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी की बसों में उपलब्ध रहेगी।

रोजगार के मोर्चे पर सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग में 1,013 लेक्चरारों के रिक्त पद भरने को मंजूरी दी है। साथ ही उम्मीदवारों को आयु सीमा में पांच वर्ष की एकमुश्त छूट भी दी गई है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग में 156 जूनियर इंजीनियरों की भर्ती को भी हरी झंडी दे दी गई है।

कचरा प्रबंधन और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए पटियाला और जालंधर में 100-100 टन प्रतिदिन क्षमता वाले गीले कचरे आधारित कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट स्थापित किए जाएंगे। वहीं, निवेश आकर्षित करने और कारोबार को आसान बनाने के उद्देश्य से औद्योगिक एवं व्यापार विकास नीति-2026 में भी कई संशोधनों को मंजूरी दी गई है।

सरकार का कहना है कि ये फैसले शिक्षा, रोजगार, बुनियादी ढांचे, पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक विकास को नई गति देंगे तथा प्रदेश की आर्थिक प्रगति को मजबूती प्रदान करेंगे।