पानीपत (Narendra Singh Danu) : हरियाणा के पानीपत जिले के मतलौडा क्षेत्र में राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं।
शिकायतकर्ता नरेश के अनुसार, रेलवे फाटक के पास झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले कुछ संदिग्ध लोगों के ठिकानों के नजदीक मोर के कटे हुए पंख, हड्डियां और अन्य अवशेष बिखरे मिले। इससे आशंका जताई जा रही है कि मोर का शिकार कर उसे मारकर खाया गया है।
सूचना मिलते ही मतलौडा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से मिले अवशेषों को कब्जे में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन्यजीव विभाग को भी सूचित किया गया।
वन विभाग की टीम वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाकर अवशेषों की जांच कर रही है, ताकि यह पुष्टि हो सके कि वे राष्ट्रीय पक्षी मोर के ही हैं। पुलिस ने आसपास रह रहे संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की है।
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि वन विभाग की पुष्टि के बाद दोषियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।