धर्मशाला: धर्मशाला में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को लेकर जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक एडीसी विनय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों और एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की गई।
एडीसी ने बताया कि 28 जून को जिले भर में बूथ स्तर पर पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी। इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के करीब 1,01,366 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1069 बूथ, 21 ट्रांजिट प्वाइंट और 190 हाई-रिस्क क्षेत्रों में 2138 टीमें तैनात की जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक करोल ने बताया कि भारत 2014 से पोलियो मुक्त है, लेकिन पड़ोसी देशों में अभी भी मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में बच्चों को नियमित टीकाकरण के साथ अतिरिक्त खुराक देना जरूरी है, ताकि देश की पोलियो मुक्त स्थिति बनी रहे।
बैठक में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों के अनुसार, सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिले में 14 वर्ष आयु वर्ग की 8,453 बालिकाओं को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से अब तक 2,249 का टीकाकरण किया जा चुका है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे एचपीवी टीकाकरण से संबंधित आंकड़ों को समय-समय पर अपडेट करें, ताकि अभियान को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।