हथियार बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा, गुरुग्राम पुलिस ने दो को पकड़ा

गुरुग्राम: गुरुग्राम पुलिस की सेक्टर-31 अपराध शाखा ने अवैध हथियारों के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के धार जिले में संचालित एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो देसी पिस्टल बनाकर गुरुग्राम में सप्लाई कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार 29 मई 2026 को क्राइम ब्रांच ने सेक्टर-15 स्थित 32 माइलस्टोन के पास से योगेश नामक आरोपी को तीन अवैध पिस्टलों सहित गिरफ्तार किया था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के इटावा का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम में रह रहा था। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम मध्यप्रदेश के धार पहुंची, जहां से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी जसबीर और धार निवासी जगत सिंह के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि जसबीर गुरुग्राम में हथियार सप्लाई करता था, जबकि जगत सिंह अवैध हथियार बनाने का काम करता था।

पुलिस के मुताबिक जगत सिंह पर हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश में आर्म्स एक्ट के 13 मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि जसबीर पर छत्तीसगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस चल रहा है।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। इस कार्रवाई से अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है और शहर में हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगने की उम्मीद है।