गुरुग्राम में लूटकांड का खुलासा, चार बांग्लादेशी आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

गुरुग्राम: गुरुग्राम के सेक्टर-23 में रिटायर्ड कर्नल सीएल जैन के घर हुई सनसनीखेज लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। क्राइम ब्रांच की टीम ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो वारदात के बाद फरार थे।

पालम विहार क्राइम ब्रांच ने आरोपियों को द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित बजघेड़ा अंडरपास से पकड़ा। पुलिस से बचने के प्रयास में चारों आरोपी अंडरपास में कूद गए, जिससे तीन के पैर और एक का हाथ फ्रैक्चर हो गया। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिलाल, मामो खान, मोहम्मद खैरुल अरमान और मोहम्मद मामन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी बांग्लादेश के निवासी हैं और दिल्ली के संगम विहार व वजीराबाद क्षेत्र में रह रहे थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने शनिवार को सेक्टर-23 स्थित पॉश इलाके में कर्नल के घर को निशाना बनाया था। उन्होंने हथियारों के बल पर परिवार को बंधक बनाकर नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान लूट लिया था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

एसीपी क्राइम नवीन कुमार ने बताया कि आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है। मुख्य आरोपी हिलाल पर दिल्ली में चोरी, डकैती और शस्त्र अधिनियम के 12 मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों पर भी हत्या, डकैती और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर केस दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों पर कुल मिलाकर दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।