खोए हुए मोबाइल पाने वालों के चेहरों पर मुस्कान, पुलिस ने 47 फोन किए बरामद

पानीपत: पानीपत पुलिस की साइबर सेल टीम ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए 11 लाख रुपये से अधिक कीमत के 47 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटा दिए। यह मोबाइल फोन जिला सचिवालय स्थित पुलिस सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह द्वारा सौंपे गए।

इस मौके पर एएसपी हर्षित गोयल भी मौजूद रहे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुम मोबाइल फोन की शिकायतें ‘हर समय’ पोर्टल और साइबर सेल में दर्ज कराई गई थीं। साइबर सेल प्रभारी सब-इंस्पेक्टर हिमांशु की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए इन मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया। बरामद फोन विभिन्न कंपनियों के हैं, जिनकी कीमत 8 हजार से 80 हजार रुपये तक है।

उन्होंने यह भी बताया कि करीब एक माह पहले भी साइबर सेल ने 10 लाख रुपये से अधिक कीमत के 41 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए थे।

एसपी भूपेंद्र सिंह ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत संबंधित पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि उसके दुरुपयोग को रोका जा सके और जल्द बरामदगी सुनिश्चित हो सके।