प्रधानमंत्री मोदी के 12 सालों को डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया सेवा और सुशासन का स्वर्णिम काल

सोनीपत: हरियाणा के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है और आज दुनिया भारत की बात को गंभीरता से सुन रही है।

बुधवार को आदर्श नगर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के कार्यकाल को देश के विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान उन्होंने हवन में आहुति दी और प्रधानमंत्री के दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की।

कार्यक्रम के बाद आयोजित भंडारे में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने विकास, सुशासन और पारदर्शिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

उन्होंने यह भी कहा कि देश डिजिटल क्रांति, रक्षा, अंतरिक्ष, आधारभूत ढांचे और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ा है। कार्यक्रम में डॉ. रीटा शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।