दर्दनाक हादसे के बाद निगम का बड़ा कदम, सीवरेज एजेंसी की बकाया राशि पर रोक

फरीदाबाद (Narendra Singh Danu) : प्रतापगढ़ स्थित मेन पंपिंग स्टेशन (एमपीएस) में दो युवकों की मौत के मामले ने नगर निगम प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है। निगम आयुक्त ने संबंधित संचालन एजेंसी के भुगतान पर तत्काल रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं।

यह कार्रवाई उस घटना के बाद हुई है, जिसमें सफाई कार्य के दौरान दो युवकों की जान चली गई थी। बताया जा रहा है कि हादसे से एक दिन पहले ही निगम ने संबंधित एजेंसी को पंपिंग स्टेशन की सफाई और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे। क्षेत्र में लगातार सीवर ओवरफ्लो और बैकफ्लो की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कदम उठाया गया था।

जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ और मिर्जापुर क्षेत्र के एमपीएस का संचालन गिरधारी लाल एजेंसी द्वारा किया जा रहा है। इन्हीं स्टेशनों के जरिए एनआईटी क्षेत्र का सीवर और ड्रेनेज पानी एसटीपी तक पहुंचाया जाता है। तकनीकी खराबी या अव्यवस्था की स्थिति में कई कॉलोनियों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या उत्पन्न हो जाती है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सफाई के दौरान टैंक में भारी मात्रा में गाद जमा थी। आरोप है कि काम के दौरान मौजूद सुरक्षा उपकरणों के बावजूद दोनों युवकों को बिना पर्याप्त सुरक्षा उपायों के टैंक के अंदर भेजा गया, जिससे जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद नगर निगम ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा रही है। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान ने बताया कि सभी मेन पंपिंग स्टेशनों का हर तीन महीने में सुरक्षा ऑडिट किया जाता है। यदि जांच में यह पाया जाता है कि श्रमिकों को बिना सुरक्षा उपकरणों के काम पर लगाया गया, तो यह गंभीर लापरवाही मानी जाएगी और संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।