श्रीनगर (Narendra Singh Danu) : जम्मू-कश्मीर के राज्य दर्जे को लेकर एक बार फिर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बुधवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को राज्य का दर्जा बहाल करने का आश्वासन दिया है।
अनंतनाग में पत्रकारों से बातचीत के दौरान फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि यह मुद्दा लंबे समय से लंबित है और जनता की उम्मीदों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने संकेत दिया कि केंद्र और राज्य नेतृत्व के बीच इस पर चर्चा हुई है, जिसके बाद अब आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
फारूक अब्दुल्ला के मुताबिक, पार्टी का रुख स्पष्ट है कि वह केवल प्रशासनिक प्रक्रियाओं तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि जम्मू-कश्मीर के पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल किए जाने की मांग पर अडिग है।
इसी मुद्दे को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस ने संसद के मानसून सत्र के पहले दिन दिल्ली में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। यह फैसला 3 जून को उमर अब्दुल्ला की अध्यक्षता में हुई विधायक दल की बैठक में लिया गया था, जिसमें रणनीति को अंतिम रूप दिया गया।