चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने कृषि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अलग बिजली वितरण कंपनी ‘हरियाणा एग्री डिस्कॉम’ के गठन की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। इस योजना के लिए मुख्य अभियंता (वाणिज्य) यूएचबीवीएन दीपक पोपली को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट भाषण में तीसरी बिजली कंपनी बनाने की घोषणा की थी। वर्तमान में राज्य में बिजली आपूर्ति उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के माध्यम से की जा रही है, जबकि नई कंपनी विशेष रूप से कृषि क्षेत्र की जरूरतों पर केंद्रित होगी।
सरकारी आदेशों के मुताबिक, दीपक पोपली योजना के कार्यान्वयन, निगरानी और प्रगति की समीक्षा की जिम्मेदारी निभाएंगे। साथ ही, वे फील्ड स्तर पर संचालन की निगरानी और आवश्यक नीतिगत सुधारों को भी आगे बढ़ाएंगे।
सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के सभी कृषि फीडरों और उपभोक्ताओं का प्रबंधन नई कंपनी के माध्यम से किया जाए। इसके लिए 15 अगस्त 2026 तक ‘हरियाणा एग्री डिस्कॉम’ को पूरी तरह से संचालित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।