सद्भावना यात्रा को समर्थन, लुधियाना में बाजार तीन दिन रहेगा बंद

लुधियाना (Narendra Singh Danu): ऑल ट्रेड यूनियन दोराहा की ओर से शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी नेताओं और सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी सद्भावना यात्रा के मद्देनजर 26, 27 और 28 जून को दोराहा के सभी बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रखे जाएंगे। व्यापारियों ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक या सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और एकता का प्रतीक है।

व्यापारिक संगठनों ने सभी दुकानदारों से अपील की कि वे इन तीन दिनों के बंद को सफल बनाते हुए अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि सामूहिक जिम्मेदारी और सामाजिक सौहार्द को मजबूत किया जा सके।

बैठक में मौजूद डीएसपी पायल हरमनप्रीत सिंह चीमा ने व्यापारियों की ट्रैफिक और पार्किंग से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर सामान रखकर किए जा रहे अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है और लोगों को परेशानी होती है। ऐसे मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर चेयरमैन प्रीतम सिंह जग्गी सहित शहर के कई प्रमुख व्यापारी नेता और संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।