जेई और दो लाइनमैन रिश्वत लेते गिरफ्तार, फरीदाबाद में बड़ा खुलासा

फरीदाबाद (Narendra Singh Danu): जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) और दो लाइनमैन को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-15ए स्थित बिजली कार्यालय के कर्मचारियों पर उपभोक्ता दुष्यंत सैनी से बिजली मीटर का लोड बढ़ाने के बदले अवैध रकम मांगने का आरोप है। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों ने एक लाइब्रेरी में कम क्षमता का मीटर पाए जाने का हवाला देते हुए कार्रवाई की बात कही और मामला निपटाने के लिए पैसे की मांग की।

शिकायत के मुताबिक, उपभोक्ता ने पहले ही 3 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए थे, जबकि शेष 8 हजार रुपये नकद देने की बात तय हुई थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की जानकारी एसीबी को दे दी।

एसीबी ने योजना बनाकर ट्रैप लगाया और जैसे ही शिकायतकर्ता नकद राशि देने के लिए सेक्टर-15ए कार्यालय पहुंचा, टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए जेई शोकीन खान और लाइनमैन अरुण व नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में एक अन्य कर्मचारी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपित पहले भी इस तरह की वसूली में शामिल रहे हैं।