Faridabad में पानी की बर्बादी पर कार्रवाई, दर्जनों लोगों को नोटिस

फरीदाबाद (Narendra Singh Danu) : जल जीवन मिशन के तहत जिले में पेयजल संरक्षण और गर्मी के मौसम में सभी घरों तक पर्याप्त पानी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जल के दुरुपयोग के मामलों पर कार्रवाई करते हुए 48 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए।

यह कार्रवाई बल्लभगढ़ ब्लॉक के भनकपुर, सिकरोना और करनेरा गांवों तथा तिगांव ब्लॉक के मंझावली गांव में की गई। निरीक्षण के दौरान पेयजल को अनावश्यक रूप से बहाने, सब्जियां और हरा चारा उगाने जैसे उपयोगों के मामले सामने आए, जिन्हें विभाग ने नियमों का उल्लंघन माना।

बल्लभगढ़ क्षेत्र में बीआरसी सुमन रानी और बिल वितरक प्रदीप ने नोटिस वितरित किए, जबकि तिगांव के मंझावली गांव में बीआरसी सुमन लता की देखरेख में कार्रवाई की गई।

जिला सलाहकार सत्यनारायण नेहरा ने बताया कि यह अभियान भीषण गर्मी को देखते हुए जल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेयजल का अनावश्यक उपयोग अन्य उपभोक्ताओं के लिए संकट पैदा कर सकता है, इसलिए इस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे पानी की हर बूंद का महत्व समझें और उसका विवेकपूर्ण उपयोग करें। विभाग ने संकेत दिया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।