जींद: गढ़ी थाना पुलिस ने रंजिश के चलते हुई हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
गढ़ी थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिलबाग सिंह ने सोमवार को बताया कि यह मामला 1 जून का है, जब गांव ढाबी टेक सिंह निवासी विकास अपने साथी कमल के साथ मोटरसाइकिल पर गांव लौट रहा था। इसी दौरान धमतान से भुलन रोड के बीच उसकी मोटरसाइकिल को एक कार से टक्कर मारकर गिरा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद कार से उतरे दो-तीन युवकों और पीछे से आए अन्य मोटरसाइकिल सवारों ने विकास पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को पहले नागरिक अस्पताल नरवाना ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अग्रोहा रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 4 जून को विकास की मौत हो गई।
मृतक के पिता सुदेश की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गांव ढाबी टेक सिंह निवासी सतीश, सूर्यदेव, बिंटू तथा फतेहाबाद निवासी चंद्र को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।