सिरसा (Narendra Singh Danu) : जन स्वास्थ्य विभाग ने जिले में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। पिछले दो दिनों से जारी इस कार्रवाई में दर्जनों अवैध कनेक्शन काटे गए हैं, जबकि कई उपभोक्ताओं को नोटिस भी जारी किए गए हैं।
विभाग का कहना है कि कार्रवाई के बाद शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सामान्य हो गई है।
उपमंडल अधिकारी विजय कुमार ने सोमवार को बताया कि हाल ही में डेयरी, फैक्ट्रियों, कॉलोनियों और विभिन्न मोहल्लों में जांच के दौरान कई अवैध कनेक्शन पकड़े गए। इनमें से कई कनेक्शन बिना अनुमति सीधे नलकूपों या मुख्य पाइपलाइन से जोड़े गए थे, जिससे वैध उपभोक्ताओं को पानी के दबाव में कमी और सप्लाई प्रभावित होने की समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
उन्होंने बताया कि अवैध कनेक्शनों की पहचान और कार्रवाई के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार क्षेत्र में जांच कर रही हैं और मौके पर ही कनेक्शन काट रही हैं।
अधिकारी ने कहा कि पेयजल एक अत्यंत महत्वपूर्ण संसाधन है और इसके दुरुपयोग को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से केवल वैध कनेक्शन के माध्यम से पानी उपयोग करने और जल संरक्षण पर ध्यान देने की अपील की।
विभाग की टीम ने खंड बड़ागुढ़ा के गांव अलीकां में भी घर-घर निरीक्षण किया, जहां कई स्थानों पर पेयजल का उपयोग बागवानी और अन्य गैर-घरेलू कार्यों में पाया गया। संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई है कि भविष्य में नियमों के उल्लंघन पर कनेक्शन काटे जाएंगे।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया गया और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग की सलाह दी गई।