सिरसा पुलिस की सफलता, चोर गिरोह से 8 दोपहिया वाहन बरामद

सिरसा (Narendra Singh Danu) : वाहन चोरी के मामलों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

डीएसपी सुखबीर सिंह ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी गौरव और जुगल किशोर के रूप में हुई है। इनके कब्जे से कुल आठ दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनमें पांच मोटरसाइकिल और तीन इलेक्ट्रिक स्कूटी शामिल हैं।

मामला तब सामने आया जब सिरसा निवासी प्रमोद कुमार ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और गुप्त सूचना के जरिए दोनों आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सिरसा शहर के कोर्ट कॉलोनी, सांगवान चौक, नाथूसरी चोपटा क्षेत्र के गांव तरकांवाली और रानियां थाना क्षेत्र में कई वाहन चोरी की वारदातों को स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

डीएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा, जबकि नाबालिग को ऑब्जर्वेशन होम, करनाल भेजा जाएगा। मामले की आगे जांच जारी है।