60 प्रतिभागियों ने लिया नियमित अभ्यास का संकल्प

पानीपत (निर्मल सिंह विर्क) : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत सोमवार को महर्षि कश्यप राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, जाटल (पानीपत) में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर एवं योग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों सहित लगभग 60 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी जागरूकता और रुचि का परिचय दिया।

कार्यक्रम का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के व्यापक जन-जागरण अभियान के अंतर्गत किया गया। शिविर में आयुष विभाग के आयु योग सहायक दिनेश एवं परमीत ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाया। साथ ही उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी।

इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य राजीव नरवाल ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मविश्वास भी प्रदान करता है। शिविर के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।