चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) द्वारा विभिन्न विभागों में 13 हजार पदों पर जल्द भर्ती की जाएगी। आयोग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में हजारों पदों के लिए नए विज्ञापन भी जारी किए जाएंगे।
आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर कहा कि भर्ती प्रक्रिया को और अधिक तेज और पारदर्शी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भर्तियां केवल पद भरने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं और उनके परिवारों के सपनों को साकार करने का अवसर होती हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में आयोग ने पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए 46,951 अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराया है। इसी दौरान 25 हजार पदों का एक साथ परिणाम जारी किया गया, जो आयोग के इतिहास का सबसे बड़ा परिणाम रहा।
हिम्मत सिंह ने कहा कि ग्रुप-सी सीईटी परीक्षा में 13.5 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 92 प्रतिशत ने परीक्षा में भाग लिया। उन्होंने इसे सफल आयोजन बताते हुए कहा कि भविष्य में सीईटी को नियमित किया जाएगा और भर्ती प्रक्रिया को और गति दी जाएगी।
आयोग ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में युवाओं को अधिक अवसर देने के लिए भर्ती तंत्र को मजबूत किया जाएगा।