Rohtak के कनक ढाबे पर संदिग्ध हालात में मिला जवान का शव

रोहतक: हाइवे नंबर-9 स्थित कनक ढाबे पर खड़ी एक कार से दिल्ली पुलिस के एक कर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

सोमवार सुबह करीब 10 बजे ढाबे के कर्मचारियों ने कार के अंदर एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सांपला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान गांव आसौदा निवासी दिल्ली पुलिसकर्मी सुधीर के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।

घटनास्थल पर एफएसएल टीम और डीएसपी राकेश मलिक ने पहुंचकर जांच की और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।