नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में झुलसे एक और व्यक्ति की मौत हो गई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। मृतक की पहचान नाइजीरियाई नागरिक न्दुबुइसी फर्डिनेंड ओकेले के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, ओकेले 3 जून को हौज रानी स्थित फ्लोरिश स्टेज बीएंडबी में लगी भीषण आग में गंभीर रूप से झुलस गया था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उसकी हालत शुरू से ही नाजुक बनी हुई थी और वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर था।
इस आगजनी की घटना में कई लोग झुलसे थे, जिनमें विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया था।
यह भीषण आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई थी, जिससे वहां ठहरे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस घटना ने राजधानी में गेस्ट हाउस और बीएंडबी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने मामले में होटल मालिक लवकेश बजाज और कुक केशव को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इमारत में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों और जिम्मेदारों की पहचान के लिए जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।