साकेत भवन हादसे पर फाइमा ने सरकार से मांगे जवाब

नई दिल्ली: साकेत भवन ढहने की घटना के बाद फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (फाइमा) के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व फाइमा के मुख्य संरक्षक डॉ. रोहन कृष्णन ने किया। इस दौरान विधायक सतीश उपाध्याय भी मौजूद रहे।

बैठक में साकेत हादसे में चार डॉक्टरों सहित सात लोगों की मौत के मुद्दे पर चर्चा की गई। फाइमा ने मृतकों और घायलों के परिजनों के लिए मुआवजे और सहायता की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

फाइमा के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मामले को सहानुभूतिपूर्वक लेते हुए प्रभावित परिवारों को उचित अनुग्रह राशि और आवश्यक सहायता प्रदान करने पर सहमति जताई है।

डॉ. रोहन कृष्णन ने बताया कि संगठन मृतकों और घायलों का विस्तृत विवरण सरकार को सौंपेगा, ताकि मुआवजा प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जा सके। उन्होंने इस कठिन समय में दिल्ली सरकार की त्वरित प्रतिक्रिया और सहयोग की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि साकेत भवन हादसे में चार डॉक्टरों समेत सात लोगों की जान गई थी, जिसके बाद चिकित्सा संगठनों ने सरकार से राहत और मुआवजे की मांग उठाई थी।