हिसार: जिले में बदमाशों ने एक ही रात में दो एटीएम को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी कर ली। पहली वारदात शहर की रेड स्क्वेयर मार्केट में हुई, जबकि दूसरी घटना भिवानी रोहिल्ला गांव में सामने आई।
जानकारी के अनुसार, रेड स्क्वेयर मार्केट स्थित एसबीआई के एटीएम को बदमाश उखाड़ ले गए और उसमें मौजूद करीब दो लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना का खुलासा रविवार सुबह हुआ, जिसके बाद पुलिस और बैंक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
दूसरी घटना में भिवानी रोहिल्ला स्थित यूनियन बैंक के एटीएम को काटकर चोर 6 लाख 67 हजार 400 रुपये की नकदी ले उड़े। बताया जा रहा है कि यह एटीएम पहले भी निशाना बन चुका है। घटना देर रात करीब दो बजे के आसपास की है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और अन्य टीमों को मौके पर बुलाया गया है, जबकि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस ने चार टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि ये वारदात किसी संगठित गिरोह की हो सकती है, क्योंकि इसी तरह की घटनाएं अंबाला और यमुनानगर में भी सामने आ चुकी हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।