भाजपा नेता जगमोहन सिंह राजू का इस्तीफा, संगठन में मची हलचल

चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu): पंजाब भाजपा में संगठनात्मक बदलाव के बीच वरिष्ठ नेता और पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. जगमोहन सिंह राजू ने महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पार्टी के भीतर असंतोष की चर्चाएं चल रही हैं।

संगठन महामंत्री मंथरी श्रीनिवासुलु को भेजे अपने पत्र में राजू ने कहा कि उन्होंने पिछले चार वर्षों में प्रदेश उपाध्यक्ष और महासचिव के रूप में कार्य किया, जो उनके राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव रहा।

उन्होंने इस्तीफे के पीछे कारण बताते हुए कहा कि वह अब विभिन्न जनहित मुद्दों पर अधिक समय देना चाहते हैं। इनमें अमृतसर को होली सिटी का दर्जा दिलाने, शिक्षा के अधिकार के तहत गरीब बच्चों के हितों की रक्षा, अनुसूचित जातियों और सिख समुदाय के अधिकार, नशा विरोधी अभियान, धर्मांतरण के मुद्दे, पंजाबी भाषा को बढ़ावा देना तथा पंजाब के पानी और चंडीगढ़ से जुड़े विषय शामिल हैं।

राजू ने कहा कि इन विषयों पर प्रभावी कार्य के लिए निरंतर सक्रियता और समय की आवश्यकता है, इसलिए उन्होंने संगठनात्मक जिम्मेदारी से मुक्त होने का निर्णय लिया है।

उल्लेखनीय है कि डॉ. राजू कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के जज बिजनेस स्कूल में विजिटिंग फेलो और पंजाब विश्वविद्यालय में विजिटिंग प्रोफेसर भी हैं।

राजनीतिक हलकों में इस इस्तीफे को पंजाब भाजपा के भीतर चल रही गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनावों से पहले के घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।