बर्बरता के खिलाफ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, सीएम का पुतला फूंका

सिरसा (Narendra Singh Danu) कुरुक्षेत्र में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा और कार्यकर्ताओं पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में रविवार को सिरसा में यूथ कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नीट सहित अन्य परीक्षाओं के रद्द होने और बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर कुरुक्षेत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा था, लेकिन सरकार के इशारे पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान सांसद दीपेंद्र हुड्डा समेत कई कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारें की गईं और लाठीचार्ज किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन वर्तमान सरकार में विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लाठी के बल पर जनता की आवाज दबाना चाहती है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की घटनाएं नहीं रुकीं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस मौके पर पंकज खारिया, कपिल सरावगी, कमल कांतिवाल, सचिन बांदर, कुलदीप लावा, शिव गोदारा, मोहित कंबोज सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।