पंजाब यूनिवर्सिटी में ओलंपिक स्तर का ट्रैक बनने से खिलाड़ियों को मिलेगा फायदा, पंजाब यूनिवर्सिटी में हाईटेक ट्रैक बनेगा

नई दिल्ली: देश में खेल अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने पंजाब विश्वविद्यालय में ओलंपिक मानकों वाला सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनाने को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर अगले 2–3 महीनों में काम शुरू होने की उम्मीद है।

यह निर्णय अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया। राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने देशभर में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत सुझाव दिए।

बैठक में 2036 ओलंपिक की संभावित मेजबानी को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत खेल ढांचा तैयार करने, हर राज्य में खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने और प्रत्येक जिले में स्पोर्ट्स सेंटर व मल्टी-स्पोर्ट कॉम्प्लेक्स विकसित करने की मांग रखी गई।

इसके अलावा, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों से प्रतिभाओं को खोजने के लिए विशेष अभियान, खिलाड़ियों के लिए बीमा सुविधा, ‘राष्ट्रीय डिजिटल एथलीट पोर्टल’ और ‘स्पोर्ट्स सामग्री बैंक’ जैसी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। खेल मंत्री ने ‘स्पोर्ट्स सामग्री बैंक’ के प्रस्ताव की विशेष सराहना करते हुए इस पर जल्द सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिया।

डॉ. सोलंकी ने कहा कि यदि युवाओं को आधुनिक सुविधाएं और वैज्ञानिक प्रशिक्षण मिले, तो भारत वैश्विक खेल शक्ति बन सकता है। उन्होंने खेलों को राष्ट्र निर्माण का अहम माध्यम बताया।

खेल मंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार इन सुझावों पर गंभीरता से काम कर रही है और जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।