मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज, 8 नगर निगमों में जल्द होगा चुनाव

चंडीगढ़: पंजाब में नगर निगम चुनावों के बाद अब मेयर चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं। स्थानीय निकाय विभाग ने राज्य के आठ नगर निगमों में मेयर पदों के आरक्षण को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं। विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार मोगा नगर निगम में मेयर का पद पिछड़ा वर्ग (बीसी) के लिए आरक्षित रहेगा, जबकि शेष सात नगर निगमों में मेयर सामान्य श्रेणी से चुना जाएगा।

विभाग ने बताया कि 26 मई 2026 को अबोहर, बटाला, बरनाला, बठिंडा, कपूरथला, मोगा, पठानकोट और साहिबजादा अजीत सिंह नगर नगर निगमों के चुनाव संपन्न हुए थे। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मेयर और सीनियर डिप्टी मेयर तथा डिप्टी मेयर के चुनाव करवाने की कवायद शुरू कर दी गई है।

स्थानीय निकाय विभाग के अनुसार मेयर पदों का आरक्षण वर्ष 2017 में लागू नियमों और रोस्टर प्रणाली के तहत तय किया गया है। इसी व्यवस्था के अनुसार मोगा नगर निगम का मेयर पद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं अबोहर, बटाला, बरनाला, बठिंडा, कपूरथला, पठानकोट और साहिबजादा अजीत सिंह नगर में मेयर पद सामान्य वर्ग के लिए रखा गया है।

मंडलायुक्तों को दिए गए आवश्यक निर्देश

मेयर चुनाव की प्रक्रिया को लेकर जालंधर, फिरोजपुर, पटियाला, रूपनगर और फरीदकोट के मंडलायुक्तों को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने कहा है कि नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मेयर चुनाव के लिए विशेष बैठक बुलाई जाए।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि आरक्षित श्रेणी वाले नगर निगमों में संबंधित वर्ग के पात्र पार्षद को ही मेयर चुना जाए। साथ ही अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी कानूनी प्रावधानों और प्रशासनिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।