गुरुग्राम में रिश्तों का दर्दनाक अंत, सिक्योरिटी ऑफिसर ने पत्नी व बेटे को गोली मारकर मौत के घाट उतारा

गुरुग्राम: गुरुग्राम के अशोक विहार क्षेत्र में रविवार तड़के हुए एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड से इलाके में दहशत फैल गई। एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और बेटे की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, अशोक विहार निवासी अनिल, जो एक निजी संस्था में सिक्योरिटी ऑफिसर के पद पर कार्यरत है, ने कथित तौर पर अपनी 45 वर्षीय पत्नी आशा और 25 वर्षीय बेटे प्रशांत को गोली मार दी। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका आशा एक निजी स्कूल में प्रिंसिपल थीं, जबकि प्रशांत परिवार के साथ ही रहता था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। शनिवार देर रात भी दोनों के बीच कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान दूसरे कमरे में मौजूद बेटा प्रशांत बीच-बचाव के लिए आया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अनिल ने हथियार निकालकर पत्नी और बेटे पर गोली चला दी।

घटना के बाद आरोपी घर में ही मौजूद रहा। गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब घर पहुंची तो आरोपी दोनों शवों के पास बैठा मिला। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मकान को सील कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।