गुरुग्राम: सेक्टर-108 स्थित एक्सपीरियन परियोजना में शनिवार को स्थानीय निवासियों ने बिल्डर की कथित मनमानी और लंबित समस्याओं के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिल्डर द्वारा लंबे समय से उनकी मूलभूत सुविधाओं और शिकायतों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
निवासियों का कहना है कि परियोजना में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर है, बार-बार बिजली कटौती की समस्या बनी रहती है और इसके बावजूद उनसे अत्यधिक मेंटेनेंस शुल्क वसूला जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि वादा किया गया क्लब हाउस अब तक तैयार नहीं हुआ है, जबकि सीवरेज सिस्टम की स्थिति भी बेहद खराब है, जिससे उन्हें गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
निवासी हितेश चौधरी ने कहा कि लोग लंबे समय से अपनी जायज मांगों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिल्डर संवाद से बच रहा है और जनता की आवाज को नजरअंदाज किया जा रहा है। यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि जब वे अपनी समस्याओं को लेकर बिल्डर प्रबंधन से मिलने पहुंचे, तो प्रबंधन ने बातचीत करने के बजाय कार्यालय के दरवाजे बंद कर लिए। राजेश जून ने कहा कि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना बिल्डर की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्षों से लोग समस्याओं से जूझ रहे हैं।
इस मौके पर राजेश जून, रविंद्र यादव, जितेंद्र लाकड़ा, हरेंद्र राय, राजेश महाजन, रजत, जितेंद्र छाबड़ा, बलवंत राय, हितेश यादव, मदन, सुनीता, अलका जून सहित बड़ी संख्या में निवासी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर बिल्डर की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।