योग प्रोटोकॉल से नशा मुक्ति अभियान को मिल रहा बढ़ावा, हरियाणा में जागरूकता तेज

कुरुक्षेत्र: जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु जिलेभर में व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवन जीने की एक वैज्ञानिक जीवन शैली है। योग प्रोटोकॉल के माध्यम से नशा मुक्त योग युक्त हरियाणा का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे नियमित योगाभ्यास को अपनाकर स्वयं को स्वस्थ रखें तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा और नशा मुक्त जीवन का संदेश फैलाने में सहयोग करें।

महानिदेशक आयुष हरियाणा, जिला प्रशासन कुरुक्षेत्र के निर्देशानुसार तथा हरियाणा योग आयोग के तालमेल से जिला आयुर्वेदिक अधिकारी कुरुक्षेत्र डॉ. मंजू शर्मा के दिशा-निर्देशन में 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर योग प्रोटोकॉल अभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इसी कड़ी में आज जिला कारागार कुरुक्षेत्र में योग प्रोटोकॉल का विशेष अभ्यास सत्र आयोजित किया गया, जिसमें 220 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जेल अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयुष योग सहायकों वीरेंद्र कुमार, कर्मवीर सिंह, भीम सिंह एवं काजल वर्मा द्वारा योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया गया। कारागार प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।

इसके अतिरिक्त जिले की विभिन्न व्यायामशालाओं, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, भारतीय योग संस्थान एवं पतंजलि योग संस्थान के योग केंद्रों पर भी नियमित रूप से योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया जा रहा है। आयुष विभाग द्वारा गांवों, व्यायामशालाओं एवं अन्य चिन्हित सार्वजनिक स्थलों पर योग जागरूकता गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।

आज जिले की विभिन्न व्यायामशालाओं में 435 साधकों को आयुष योग सहायकों के माध्यम से योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया गया। इसके साथ ही प्रतिभागियों को योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा अभियान के अंतर्गत योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया गया।

उन्होंने बताया कि आयुष विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी विभिन्न संस्थानों, शैक्षणिक परिसरों, व्यायामशालाओं एवं सार्वजनिक स्थलों पर योग प्रोटोकॉल अभ्यास, जागरूकता कार्यक्रम एवं काउंटडाउन गतिविधियों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा।