नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : दिल्ली सरकार ने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने घोषणा की है कि राजधानी में वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
सरकार की योजना के तहत रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने वाले नागरिकों को 50 हजार रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके अलावा ऐसे उपभोक्ताओं को पानी के बिल में 10 प्रतिशत तक की छूट भी प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि Delhi Jal Board द्वारा तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पहल से जुड़ सकें। साथ ही 100 वर्ग मीटर या उससे बड़े भवनों में वर्षा जल संचयन प्रणाली को अनिवार्य बनाने पर भी विचार किया जा रहा है।
सरकार राजधानी के 75 सीएम श्री स्कूलों में बड़े पैमाने पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने की तैयारी कर रही है। इस पहल के जरिए करीब 50 करोड़ लीटर वर्षा जल संचय करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 2500 वर्ग फुट की छत से दो लाख लीटर तक वर्षा जल का संचयन किया जा सकता है। इस अभियान का उद्देश्य भूजल स्तर में सुधार, जल संसाधनों का संरक्षण और भविष्य के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि एक जल-सुरक्षित दिल्ली का निर्माण किया जा सके।