नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बीएंडबी में हुए भीषण अग्निकांड की जांच में दिल्ली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। 21 लोगों की जान लेने वाले इस हादसे के मामले में पुलिस ने होटल के शेफ केशव नेगी (65) को गिरफ्तार किया है।
दक्षिणी जिले के डीसीपी अनंत मित्तल के अनुसार, दिलशाद गार्डन निवासी केशव नेगी से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह जानने का प्रयास कर रही हैं कि होटल में सुरक्षा इंतजामों, कर्मचारियों की जिम्मेदारियों और हादसे के समय की परिस्थितियों के बारे में उसे क्या जानकारी थी।
इससे पहले पुलिस बीएंडबी के मालिक लवकेश बजाज को भी गिरफ्तार कर चुकी है। प्रारंभिक जांच में भवन की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं।
पुलिस होटल के कर्मचारियों, प्रबंधन से जुड़े लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से लगातार पूछताछ कर रही है। साथ ही फायर सेफ्टी उपकरणों, भवन के नक्शे, लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। पुलिस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने और लापरवाही के सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही है।