लुधियाना: शनिवार सुबह नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल ट्रेन के साथ एक बड़ा हादसा टल गया, जब स्टेशन से रवाना होते समय ट्रेन के दो डिब्बों को जोड़ने वाली कपलिंग अचानक टूट गई।
कपलिंग टूटने के साथ तेज आवाज सुनाई दी, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। घटना में एक स्लीपर कोच का शौचालय क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रेन के दो हिस्सों में बंटने जैसी स्थिति बनने पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घबराकर अपने कोचों से बाहर निकलने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्हें किसी धमाके जैसी आवाज सुनाई दी थी। हालांकि पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले घटना के कारणों पर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, सरकारी रेलवे पुलिस और कमिश्नरेट पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रेलवे के तकनीकी विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया है और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में कुछ अधिकारियों का मानना है कि ट्रेन के चलने के दौरान अत्यधिक खिंचाव के कारण कपलिंग टूट सकती है। वहीं दूसरी ओर, कुछ यात्रियों ने तेज धमाके जैसी आवाज सुनने का दावा किया है। रेलवे सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहा है।
गौरतलब है कि आज ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी भी है, जिसके चलते पंजाब में पहले से ही सुरक्षा अलर्ट जारी है। विभिन्न संगठनों द्वारा कार्यक्रम और मार्च आयोजित किए जाने के कारण सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। इसी वजह से पुलिस इस घटना की जांच तकनीकी खामी के साथ-साथ अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर भी कर रही है।
फिलहाल किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है और रेलवे प्रशासन द्वारा घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।