पंजाब राजभवन में हुई अहम मुलाकात, उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने साझा किए विचार

चंडीगढ़: दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने आज पंजाब लोक भवन में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से शिष्टाचार भेंट की।

बैठक के दौरान पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली तथा राष्ट्रीय महत्व के विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत और सार्थक चर्चा की गई। दोनों नेताओं ने विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़ने और उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया।

चर्चा में इस बात पर बल दिया गया कि युवाओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और देश के विकास को गति मिलेगी।

दोनों गणमान्य व्यक्तियों ने विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवा सशक्तिकरण और कौशल विकास की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को सशक्त बनाना विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला है और इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया तथा युवाओं को मुख्यधारा के विकास कार्यक्रमों से जोड़ने की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की गई।