हत्या के आरोपियों का मुंडन कर सार्वजनिक घुमाने की घटना से हड़कंप

फतेहाबाद: भूना में युवक सचिन की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार शाम आरोपियों को कस्बे के बाजार में घुमाया। इस दौरान आरोपियों की सार्वजनिक परेड कर उन्हें पुलिस स्टेशन लाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

पुलिस द्वारा घुमाए गए आरोपियों में खैरी चौक निवासी मिचु, भूना निवासी कारु, बिल्ला, चिड़ीमार और अमन शामिल हैं। इन सभी पर भांभू गैंग से जुड़े होने के आरोप हैं। इनमें से तीन आरोपियों का इससे पहले मुंडन भी करवाया गया था।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य आम लोगों में आरोपियों के प्रति फैले डर को खत्म करना और अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना है।

गौरतलब है कि मंगलवार रात भूना निवासी सचिन की तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। बाइक पर जा रहे सचिन को पहले घेरकर बेरहमी से पीटा गया और फिर उस पर तेजधार हथियारों से कई वार किए गए। आरोपियों ने कथित रूप से उस पर वाहन भी चढ़ा दिया था।

इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जो वर्तमान में तीन दिन के पुलिस रिमांड पर हैं।

जानकारी के अनुसार, मृतक सचिन, भूना के वार्ड नंबर 5 निवासी राजबीर सिंह का पुत्र था, जो हाल ही में गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करने लगा था। वह 27 मई को अपने भतीजे के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए घर आया था और 3 जून को वापस लौटने वाला था, लेकिन 2 जून की रात उसकी हत्या कर दी गई।