यमुनानगर: साढ़ौरा से कांग्रेस विधायक रेणु बाला के पति इंजीनियर ऋषिपाल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। हालांकि इस कार्यक्रम से विधायक रेणु बाला दूर रहीं। राजनीतिक गलियारों में इसे कांग्रेस से बढ़ती दूरी और भाजपा की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी साढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र के गांव व्यासपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व कांग्रेसी नेता ऋषिपाल और उनके समर्थकों का भाजपा में शामिल होने पर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इसे भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों में जनता के बढ़ते विश्वास का संकेत बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने जनता से किए गए अधिकांश वादों को पूरा किया है और शेष को भी तय समय में पूरा किया जाएगा। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने जनहित के बजाय राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दी, जबकि भाजपा सुशासन और विकास के एजेंडे पर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हरियाणा देश का ऐसा राज्य है जहां अधिकतम फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही हैं। फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को उचित मुआवजा भी दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इंजीनियर ऋषिपाल द्वारा क्षेत्र के विकास से संबंधित उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। साथ ही साढ़ौरा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए पांच करोड़ रुपये की विशेष राशि देने की घोषणा की।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, व्यासपुर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस वर्ष 1.50 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें से 50 लाख पौधे नि:शुल्क वितरित किए जाएंगे।
इस मौके पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, मेयर सुमन बहमनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।