कैथल में अपराधियों पर सख्ती, नंदू गैंग का एक और सदस्य पुलिस गिरफ्त में

कैथल: जिले में सक्रिय संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (SDU) ने नंदू गैंग से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

मामले की शुरुआत 13 मार्च को हुई थी, जब SDU की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पूंडरी-फरल रोड स्थित सिरसा ब्रांच नहर पुल के पास छापेमारी की। इस दौरान गांव नैना निवासी करण, सौरभ और करनाल जिले के जलमाणा निवासी सुमित को गिरफ्तार किया गया था।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार बरामद किए गए। करण के पास से .32 बोर का देशी पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस, सौरभ से एक पिस्तौल और पांच कारतूस, जबकि सुमित के पास से दो मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे गैंग लीडर कपिल सांगवान उर्फ नंदू और उसके सहयोगी साहिल के निर्देश पर काम करते थे। उनका काम गैंग के सदस्यों के बीच हथियारों की सप्लाई और वारदात के बाद उन्हें आगे पहुंचाना था।

जांच में सामने आया है कि नंदू गैंग दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में फिरौती, सुपारी किलिंग, जमीन कब्जाने और अवैध हथियारों की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा है। इस संबंध में थाना पूंडरी में मामला दर्ज किया गया है।

आगे की जांच के दौरान पुलिस ने गांव नैना निवासी अमन को भी गिरफ्तार किया है, जो गैंग में पैसों के लेनदेन की जिम्मेदारी संभालता था। अमन पहले भी एक अन्य मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद रह चुका है। उसे इस केस में शामिल करने के लिए अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी कराया गया था।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।