अयोध्या: नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के चेयरमैन और पूर्व उपप्रधानमंत्री रबी लामिछाने ने शुक्रवार को अपनी पत्नी निकिता पौडेल के साथ राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर भगवान रामलला के दर्शन-पूजन किए। इस दौरान उन्होंने भारत और नेपाल की सुख-समृद्धि, शांति और आपसी सद्भाव की कामना की।
अयोध्या पहुंचने पर रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल ने भी विधिवत पूजा-अर्चना में भाग लिया।
दर्शन के बाद रबी लामिछाने ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों को साझा संस्कृति, आस्था और परंपराएं गहराई से जोड़ती हैं। उन्होंने अयोध्या यात्रा को अपने लिए अत्यंत भावनात्मक और आध्यात्मिक अनुभव बताया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी भारत-नेपाल संबंधों को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बताते हुए कहा कि अयोध्या दोनों देशों के बीच आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार की यात्राएं द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करेंगी।
इससे पहले अयोध्या एयरपोर्ट पर भी भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और धार्मिक हस्तियां मौजूद रहीं।