18 दिवसीय कैंप में युवाओं को मिल रही सिख विरासत और गतका की सीख, सोहाना में गुरुद्वारा सिंह शहीदां में चल रहा गुरमत-गतका कैंप, युवाओं में दिखा उत्साह

मोहाली (Narendra Singh Danu) : बच्चों को सिख धर्म, इतिहास और परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुद्वारा सिंह शहीदां, सोहाना में 18 दिवसीय गुरमत और गतका प्रशिक्षण कैंप आयोजित किया जा रहा है। यह कैंप 1 जून से शुरू होकर 18 जून तक प्रतिदिन सुबह 6 से 9 बजे तक चलेगा।

गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के अनुसार, इस कैंप में बच्चों को सिख इतिहास, पंजाबी भाषा, गुरबानी कंठा, गुरमत शिक्षा, शास्त्र विद्या और गतका की विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है।

कैंप के दौरान बच्चों के समग्र विकास और धार्मिक ज्ञान को बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। समापन के अवसर पर गुरमत प्रश्नोत्तरी, गुरबानी कंठा और गतका प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि कैंप के दौरान बच्चों को श्री चमकौर साहिब, दास्तान-ए-शहादत और अन्य ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन भी कराए जाएंगे, ताकि वे सिख इतिहास और गुरुओं की शहादत को करीब से समझ सकें।

कैंप में प्रतिदिन गुरु का अटूट लंगर भी परोसा जा रहा है। गुरुद्वारा प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जोड़ें, ताकि नई पीढ़ी सिख विरासत से मजबूत जुड़ाव बना सके।