Gurugram की टीम ने यूपी में चल रहे लिंग जांच रैकेट को किया ध्वस्त

गुरुग्राम (Naren Singh Danu) : गुरुग्राम स्वास्थ्य विभाग ने अवैध भ्रूण लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला दलाल और एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह गिरोह उत्तर प्रदेश के बिजनौर में अवैध अल्ट्रासाउंड के जरिए भ्रूण का लिंग बताने का काम कर रहा था।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकवीर सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। जांच में सामने आया कि गुरुग्राम और आसपास की गर्भवती महिलाओं को लिंग जांच के लिए बिजनौर ले जाया जाता था, जिसके लिए 25 से 40 हजार रुपये तक वसूले जाते थे।

डिकॉय ग्राहक के जरिए टीम ने गिरोह तक पहुंच बनाई। महिला दलाल रेनू ने 25 हजार रुपये की मांग की और अग्रिम राशि लेने के बाद महिला को दिल्ली से बिजनौर ले जाया गया।

बिजनौर के एक निजी मकान में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन से अवैध जांच कर भ्रूण का लिंग बताया गया। पूर्व निर्धारित संकेत मिलने पर गुरुग्राम और बिजनौर की संयुक्त टीम ने छापा मारकर रेनू और मनोज कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

जांच में पता चला कि मनोज कुमार के पास अल्ट्रासाउंड करने की कोई वैधानिक योग्यता नहीं थी और न ही केंद्र पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत पंजीकृत था।

दोनों आरोपियों को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

सीएमओ डॉ. लोकवीर सिंह ने कहा कि भ्रूण लिंग जांच जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।