बीबीएमबी तलवाड़ा में पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण और जागरूकता गतिविधियां आयोजित

होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बीबीएमबी तलवाड़ा में मुख्य अभियंता राकेश कुमार गुप्ता के निर्देशानुसार इस वर्ष के वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ पौधारोपण कर किया गया।

इस दौरान उप मुख्य अभियंता श्री विमल कुमार मीणा के नेतृत्व में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।

अपने संदेश में मुख्य अभियंता राकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि बीबीएमबी द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।

इस अवसर पर उप मुख्य अभियंता विमल कुमार मीणा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि वृक्ष धरती के फेफड़े हैं और अधिक से अधिक पौधे लगाकर ही हम प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का सामना कर सकते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से लगाए गए पौधों की उचित देखभाल सुनिश्चित करने की अपील भी की।

इस वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान कार्यकारी अभियंता रबिंदर सिंह, गौरव लांबा, एस.डी.ओ. धीरज कुमार, कार्यालय अधीक्षक तिलक राज शर्मा, कनिष्ठ अभियंता बलजीत सिंह, शिव कुमार तथा विजय ठाकुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों की सुरक्षा तथा हरियाली बढ़ाने के लिए अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।