सिरसा: पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने गांव फग्गू में छापेमारी कर 12 हजार नशीली गोलियां बरामद की हैं। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान एक घर से भारी मात्रा में नशे में प्रयुक्त होने वाली गोलियां बरामद हुईं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हैप्पी सिंह और सुनील कुमार के रूप में हुई है।
बरामद गोलियों की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी घर से ही मेडिकल नशे का अवैध कारोबार चला रहे थे।
एसपी ने कहा कि मेडिकल नशा समाज के लिए गंभीर खतरा है और इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में पुलिस ने एक अन्य मामले में करीब 20 लाख रुपये की 99,600 नशीली गोलियां और कैप्सूल भी बरामद किए थे। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है।