अमृतसर (Narendra Singh Danu) : अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित हथियार, नशा और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक अफगान नागरिक और दो नाबालिगों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.035 किलोग्राम हेरोइन, पांच आधुनिक पिस्तौल और 5 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अफगान नागरिक बाज मोहम्मद (62), नवांशहर निवासी अंकुश बर्थवाल (33), जालंधर निवासी देश राज उर्फ विक्की (32), लोपोके निवासी राजनदीप सिंह उर्फ राजा (26) के अलावा दो नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क विदेशी हैंडलरों के साथ मिलकर सोशल मीडिया के जरिए अवैध हथियार और नशे की सप्लाई करता था और इसे माझा और दोआबा क्षेत्रों में सक्रिय रूप से चलाया जा रहा था।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों से तीन ग्लॉक पिस्तौल (ऑस्ट्रिया निर्मित), एक जिगाना पिस्तौल, एक अन्य पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि शुरुआत में दो नाबालिगों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में 500 ग्राम हेरोइन और एक पिस्तौल बरामद हुई थी। इसके बाद जांच आगे बढ़ते हुए अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
अंकुश बर्थवाल हाल ही में युगांडा से लौटकर आया था और वहीं संपर्कों के जरिए इस नेटवर्क से जुड़ा था। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी विदेशी नेटवर्क के निर्देशों पर काम कर रहे थे।
फिलहाल पूरे नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों की जांच जारी है।