नारनौल: जिले में सीआईए और कनीना पुलिस की संयुक्त टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 9 किलो 33 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सेहलंग निवासी अनिल कार में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बाघोत-सेहलंग मार्ग पर 152-डी पुलिया के पास नाकाबंदी कर जांच शुरू की थी।
जैसे ही संदिग्ध कार मौके पर पहुंची, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। पीछा करने के दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीम के पेड़ से टकरा गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आरोपी घायल हो गया।
पुलिस ने घायल आरोपी को कनीना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण की मौजूदगी में कार की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की डिग्गी में गैस सिलेंडर के अंदर छिपाकर रखे गए आठ पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 9 किलो 33 ग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने नशीला पदार्थ और वाहन दोनों को कब्जे में लेकर सील कर दिया है।
पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।