गुरुग्राम: केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि एनसीआर क्षेत्र में बीएस-1, बीएस-2 और बीएस-3 मानकों वाले पुराने वाहनों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। उन्होंने प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की स्क्रैपिंग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
वे गुरुग्राम में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मनोहर लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस परिसरों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य जगहों पर लंबे समय से खड़े अनुपयोगी वाहनों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम आधुनिक शहर होने के बावजूद स्वच्छता और वायु गुणवत्ता के क्षेत्र में और सुधार की आवश्यकता है। यदि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण हो जाए तो यह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शहरों में शामिल हो सकता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी प्रकार के प्रदूषण स्रोतों पर नियंत्रण जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक का कम उपयोग, स्वच्छता और संसाधनों के पुनर्चक्रण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।
उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा, सौर ऊर्जा और हरित तकनीकों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण में सरकारी प्रयासों के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।
इस अवसर पर उन्होंने और हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में कई प्रशासनिक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।