तरनजीत सिंह संधू की धार्मिक यात्रा, श्री आनंदपुर साहिब और कीरतपुर साहिब में लिया आशीर्वाद

चंडीगढ़: दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर तरनजीत सिंह संधू ने शुक्रवार को पंजाब दौरे के दौरान खालसा पंथ की जन्मस्थली श्री आनंदपुर साहिब और कीरतपुर साहिब में गुरुद्वारों के दर्शन किए और माथा टेका।

संधू ने तख्त श्री केसगढ़ साहिब, गुरुद्वारा सीस गंज साहिब, गुरुद्वारा गुरु के महल भोरा साहिब और कीरतपुर साहिब स्थित गुरुद्वारा पातालपुरी साहिब में नतमस्तक होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं।

इस दौरान शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के सदस्यों ने उनका सम्मान किया। मीडिया से बातचीत में संधू ने कहा कि वह स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें सिख इतिहास से जुड़े इन पवित्र स्थलों के दर्शन का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि आनंदपुर साहिब और दिल्ली का ऐतिहासिक व सांस्कृतिक संबंध बेहद गहरा है, जिसे और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने संकेत दिया कि दिल्ली सरकार के साथ मिलकर ऐसी योजना बनाई जा सकती है, जिससे लोगों को सिख विरासत से अधिक जुड़ाव मिल सके और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिले।

संधू ने यह भी कहा कि इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर उन्हें गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी द्वारा प्रकाशित एक पुस्तक भी भेंट की गई। कार्यक्रम में कई धार्मिक और प्रशासनिक हस्तियां मौजूद रहीं।