कुरुक्षेत्र (परमिंदर सिंह) : हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणू भाटिया ने कहा कि कार्यालय में गठित कमेटियां यौन उत्पीडऩ से संबंधित मामले की जांच को निष्पक्षता और समयबद्घ तरीके से करें, जो महिला गलत आरोप लगाए उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। अब तक 10 ऐसी महिलाओं के खिलाफ आयोग ने कार्रवाई की है, जिनके द्वारा लगाए गए आरोप झूठे पाए गए।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणू भाटिया शुक्रवार को स्थानीय पंचायत भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग कुरुक्षेत्र द्वारा आयोजित कार्य स्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीडऩ अधिनियम 2013 विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण में बोल रही थी। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर सभी का अच्छा व्यवहार होना चाहिए। जिस कार्यालय में सभी अधिकारी व कर्मचारियों का व्यवहार अच्छा होगा वहां पर किसी भी प्रकार का कोई गलत मामला सामने नहीं आएगा। ऐसे कार्यालय में यौन उत्पीडऩ जैसे घटनाएं नाममात्र होंगी।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणू भाटिया ने कहा कि हर कार्यालय में गठित कमेटी की पूरी जानकारी डिस्प्ले पर लगाई जानी चाहिए, इसमें चेयरमैन व अन्य सदस्यों की फोन नंबरों सहित सूची लगी होनी चाहिए। जब कार्यालय में कमेटी की जानकारी होगी तो किसी भी प्रकार की यौन संबंधी घटना होने पर पीडि़त शिकायत दे सकेंगी। जब तक महिला को कमेटी की जानकारी नहीं होती तब उन्हें शिकायत देने के बारे में भी नहीं पता होगा। उन्होंने कहा कि कमेटी द्वारा हर महीने एक बार बैठक करनी जरुरी है।
इस बैठक में पॉश, बाल विवाह, पोस्को, लेबर लॉ सहित अन्य संबंधित विषयों पर चर्चा होनी चाहिए। इस दौरान किसी भी प्रकार की दिक्कत व परेशानी को दूर करने पर भी चर्चा को शामिल किया जाए। प्रदेश के जिस कार्यालयों की कमेटी अच्छा काम करेगी, उस कमेटी को मुख्यमंत्री से सम्मानित करवाया जाएगा। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणू भाटिया ने कहा कि इस समय आयोग के पास आने वाले मुदï्दों में एनआरआई के विषय काफी गंभीरता के साथ बढ़ते जा रहे हैं। मौजूदा समय में 41 मामलों को सुनवाई के लिए रखा हुआ है। अब तक आयोग द्वारा 13 पुरुषों को विदेश से वापस बुलाया गया है, जो अपनी पत्नियों को छोडकऱ डंकी रुट व अन्य माध्यमों से विदेशों में गए थे और वहां पर जाने के बाद अपनी पत्नी को भुलने लगे थे। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जब कि अपने बच्चों के रिश्ते करें तो दोनों पक्ष शैक्षणिक, पासपोर्ट व अन्य कागजात को आपस में शेयर करें। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणू भाटिया ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आयोग के पास आए मामलों में विदेश में गए लोगों को वापस लाने में मद्ïद मिली है। इसके साथ ही आगे भी सहयोग किए जाने का आश्वासन मिला है।
कार्यशाला में हिस्सा लेने वाली महिलाओं, अधिकारियों, कर्मचारियों को एडवोकेट रितु कपूर व डा. बीआर अंबेडकर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की कंट्रोलर एग्जामिनेशन डा. बलविंद्र कौर ने महिलाओं के यौन उत्पीडऩ अधिनियम 2013 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी बलजीत कौर ने आए हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी तथा जिला राजस्व अधिकारी चेतना चौधरी ने अतिथियों का आभार प्रकट किया। इस मौके पर सीईओ वीरेंद्र चौधरी सहित काफी संख्या में महिलाएं मौजूद रही।