शहर में अवैध कॉलोनियों को लेकर प्रशासन हरकत में, मंत्री ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट

पानीपत (निर्मल सिंह विर्क) : शहर में बन रही तीन अवैध कालोनियों के विरुद्ध शिकायत शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल तक पहुंचने पर महानिदेशक शहरी निकाय ने नगर निगम कमिश्नर डॉ पंकज यादव से बिंदुवार रिपोर्ट तलब की है । शिकायत आरटीआई एक्टिविस्ट कॉमरेड पीपी कपूर ने की थी ।

शिकायतकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट पीपी कपूर ने बताया कि उनकी शिकायत पर इस मामले की जांच विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा भी की जा रही है । कपूर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि शहर में एक भाजपा विधायक व एक भाजपा सांसद द्वारा जीटी रोड़ मलिक पेट्रोल पम्प के पास दो एकड़ भूमि में व जाटल रोड़ पर नहर के पास चार एकड़ भूमि में अवैध मार्केट बनाई जा रही हैं। यहां पक्की सड़कें बना दी हैं,सीवर पाइप लाइन,पेयजल पाइप लाइन बिछा दी गई है,बिजली के खम्भे लगा दिए हैं । इसी तरह हाली पार्क के सामने ओल्ड कोर्ट रोड़ पर एक पार्क की 3000 वर्ग गज भूमि सहित करीब दो एकड़ भूमि पर आवासीय कालोनी बनाई जा रही है,अवैध निर्माण जारी है। इन अवैध कालोनियों में नगर निगम द्वारा प्लाटों कीप्रॉपर्टी आईडी बना कर व तहसील में रजिस्ट्रियां करवा कर फर्जीवाड़ा किया जा रहा है ।

लेकिन जिला उपायुक्त व नगर निगम कमिश्नर आदि को बार बार शिकायतें करने के बावजूद नगर निगम पानीपत के कमिश्नर व डीटीपी जितेंद्र नेहरा कोई कारवाई नहीं कर रहे हैं । जबकि गरीब तबके की कालोनियों में रोजाना बुलडोजर चलाए जा रहे हैं ।

कपूर ने इन तीनों अवैध कालोनियों पर बुलडोजर चला कर ध्वस्त करने,बनाई गई प्रॉपर्टी आईडी रद्द करने,रजिस्ट्रियां रद्द करने व भूमि माफिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है ।